अगली ख़बर
Newszop

Mamata Banerjee On Durgapur Rape Case: 'लड़कियों को रात में कॉलेज से बाहर जाने की मंजूरी नहीं देनी चाहिए', दुर्गापुर रेप केस पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का अजब-गजब बयान

Send Push

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में निजी मेडिकल कॉलेज में दूसरे वर्ष की छात्रा से रेप के मामले में राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने अजब-गजब बयान दिया है। ममता बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कोई इसका समर्थन नहीं कर रहा। ममता ने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी को सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं मणिपुर, यूपी, बिहार और ओडिशा में हुई हैं। जब दूसरे राज्यों में ऐसा होता है, तो वो भी निंदनीय है। फिर ममता बनर्जी ने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेज का मामला है। किसकी जिम्मेदारी है। रात में 12.30 बजे बाहर निकली। पश्चिम बंगाल की सीएम ने इसके साथ ही कहा कि लड़कियों को रात में कॉलेज के बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्हें अपनी सुरक्षा भी करनी होगी।

सीएम ममता बनर्जी के इस बयान पर पश्चिम बंगाल की सियासत फिर गर्माने के आसार हैं। दुर्गापुर में जिस मेडिकल छात्रा का रेप हुआ, वो 23 साल की है। वो अपने दोस्त के साथ शुक्रवार की रात भोजन करने निकली थी। छात्रा से रेप के मामले में दुर्गापुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अन्य की तलाश चल रही है। इस बीच, छात्रा के पिता ने सीएम ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वो उनकी बेटी को ओडिशा ले जाने की मंजूरी दें। फिलहाल छात्रा दुर्गापुर के ही एक हॉस्पिटल में भर्ती है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। छात्रा के साथ गए दोस्त और निजी मेडिकल कॉलेज के कई स्टाफ से पुलिस पूछताछ कर रही है।

छात्रा के परिवार ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि कॉलेज कैंपस से बाहर आने पर तीन लोगों ने पीछा शुरू किया और फब्तियां कसीं। इसके बाद जंगल वाले इलाके के पास पहुंचने पर आरोपी तेजी से पास आए। इस पर छात्रा का दोस्त मौके से भाग खड़ा हुआ। फिर तीनों आरोपी छात्रा को घसीटकर जंगल में ले गए। जहां उनके दो और साथी मौजूद थे। वहां मेडिकल छात्रा से रेप किया गया। बता दें कि इससे पहले कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या की गई थी। उस केस में कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक वॉर्डन को गिरफ्तार किया गया था।

The post Mamata Banerjee On Durgapur Rape Case: ‘लड़कियों को रात में कॉलेज से बाहर जाने की मंजूरी नहीं देनी चाहिए’, दुर्गापुर रेप केस पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का अजब-गजब बयान appeared first on News Room Post.

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें