Next Story
Newszop

राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ीं, PM मोदी की मां को कहे 'अपशब्द', BJP ने पुलिस में की शिकायत

Send Push

Complaint filed against Rahul Gandhi : बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन को जनता द्वारा दंडित किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना को देश के लोकतंत्र पर एक धब्बा करार दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधा।

यह बयान सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप के सामने आने बाद आया है जिसमें कुछ अज्ञात लोगों को यात्रा के दौरान मंच से मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर दरभंगा जिले का है, जहां से बुधवार सुबह यात्रा शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।

प्रदेश भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने दरभंगा शहर में बुधवार की घटना के संबंध में बृहस्पतिवार को यहां कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। वीडियो क्लिप के प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है और एक गरीब मां के बेटे का प्रधानमंत्री के पद पर बैठना उन्हें बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है।

ALSO READ: मध्यप्रदेश में कांग्रेस जिला अध्यक्षों के चयन पर राहुल गांधी की नाराजगी, कहा MP से सबसे ज्यादा शिकायतें

गृहमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, बिहार के दरभंगा में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और उनकी दिवंगत माताजी के लिए कांग्रेस और राजद के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है।

भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों के इस्तेमाल के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस, जो अक्सर खुद को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ती है, एक 'गाली वाली पार्टी' बन गई है क्योंकि गांधी परिवार सत्ता में वापस नहीं आ पा रहा है। पात्रा ने कहा, कांग्रेस की गालियों की दुकान सील होगी, और इसकी शुरुआत बिहार से होगी।

उन्होंने कहा, आज दरभंगा में मोदी जी और उनकी दिवंगत मां के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, अगर कोई इसका जनक है, तो वह राहुल गांधी हैं, कोई और नहीं। राहुल गांधी ने हाल में जो भाषण दिए हैं, उन्हें सुनें और उनका विश्लेषण करें। पात्रा ने कहा कि पिछले पांच-छह दिन से राहुल गांधी अपने भाषण में प्रधानमंत्री को संबोधित करने के लिए 'तू' शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं।

ALSO READ: राहुल गांधी का दावा, मोदी सरकार वोट चुराकर सत्ता में आई

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस गाली-गलौज की राजनीति कर रही है और किसी को नहीं बख्श रही है, क्योंकि गांधी परिवार सत्ता में वापसी नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, अगर उन्हें गद्दी नहीं मिली तो वे लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री को भी गाली दे सकते हैं।

भाजपा नेता ने कहा, राहुल गांधी, हम आपसे माफी की उम्मीद नहीं कर रहे हैं, क्योंकि आपको प्रधानमंत्री मोदी को गाली देकर आनंद मिल रहा है, लेकिन लोगों को इसमें मजा नहीं आ रहा। बिहार की जनता इसका करारा जवाब देगी। इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा, भीड़ का व्यवहार राजद की गुंडागर्दी जैसा था। और कांग्रेस सत्ता की अंधी चाहत में उपद्रवी व्यवहार को बर्दाश्त कर लेती है।

भाजपा की दरभंगा जिला इकाई के प्रमुख आदित्य नारायण झा 'मन्ना' ने कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त गुस्सा है, जिन्होंने राहुल और तेजस्वी का पुतला जलाया है। हम सबूत भी जुटा रहे हैं और एक और प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

ALSO READ: क्या निर्वाचन आयोग तभी सही है जब कांग्रेस जीतती है, रविशंकर प्रसाद का राहुल गांधी पर हमला

पटना में चौधरी ने कहा, प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानून को अपना काम करना चाहिए, लेकिन एक बात स्पष्ट है कि बिहार की जनता ‘इंडिया’ गठबंधन को माफ नहीं करेगी, चुनाव में उसे इसकी सजा मिलेगी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने भी एक बयान जारी कर गांधी और यादव से अपने कथित समर्थकों के व्यवहार के लिए माफी मांगने को कहा।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद बात करते हुए राज्य भाजपा मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा, बस ‘इंडिया’ गठबंधन के घटनाक्रम को देखें। सबसे पहले, उन्होंने यात्रा में रेवंत रेड्डी और एमके स्टालिन को आमंत्रित किया, जो दोनों बिहार को गाली देने के लिए जाने जाते हैं। फिर उनके कार्यकर्ता प्रधानमंत्री को गाली देते हैं। कांग्रेस शासित तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी और तमिलनाडु के उनके समकक्ष स्टालिन, जो द्रमुक प्रमुख हैं, क्रमशः मंगलवार और बुधवार को यात्रा में शामिल हुए थे।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा, हमारी पार्टी नहीं, बल्कि भाजपा गाली-गलौज के लिए जानी जाती है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ इतना आक्रोश है कि लोग मंचों से अपनी भड़ास निकालने लगे हैं। फिर भी, हम लोगों को ऐसा करने से रोकते हैं और उन्हें समझाते हैं कि इस तरह का व्यवहार करना भाजपा की आदत है, कांग्रेस की नहीं।

ALSO READ: PM और CM को हटाने वाले विधेयक पर क्या बोले राहुल गांधी

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने दावा किया कि यात्रा में भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने कहा, हमें कैसे पता चलेगा कि किस पार्टी के समर्थक ने किस छिपे हुए एजेंडे के तहत ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया था? इस मामले की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा, भाषा की शिष्टता का उल्लंघन हमेशा भाजपा ने किया है, ‘इंडिया’ गठबंधन ने कभी ऐसा नहीं किया।

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने की आलोचना : बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ लगातार अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, लेकिन अब उसने हद पार कर दी है। शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस पार्टी के नेताओं में संस्कृति और शिष्टाचार, दोनों का अभाव है। दरभंगा में कांग्रेस और उसके सहयोगी राजद ने एक बार फिर यह साबित कर दिया।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों से ए लोग मोदी जी को राजनीतिक रूप से हराने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा, इसी हताशा में कांग्रेस लगातार उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है, लेकिन अब इन पराजित लोगों ने सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करना कांग्रेस के लिए 'दूर की कौड़ी है; उन्हें जनता की माफी भी नहीं मिलेगी।'

ALSO READ: जेपी नड्डा ने SIR पर राहुल गांधी को ऐसे घेरा, खड़ा हूं आज भी वहीं...जहां मेरा झूठ पकड़ाया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कहा कि यह टिप्पणी न केवल एक व्यक्ति का बल्कि भारत की आत्मा और संस्कृति का अपमान है। साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए की गई अभद्र टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर आघात नहीं है, यह पूरे भारत की आत्मा और संस्कृति पर चोट है।

साय ने कहा, प्रधानमंत्री का अपमान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है। बिहार की जनता निश्चित ही इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति को नकारेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां को लेकर कहे गए 'अभद्र शब्द' के लिए माफी मांगने की मांग की। साहा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री मोदी जी की दिवंगत मां के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा से स्तब्ध हूं।

ALSO READ: 'लताड़ के बाद भी उन्हें फर्क नहीं पड़ता..,' सीएम डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ, कहा- हरकतों से बाज आए कांग्रेस

साहा ने कहा, राजनीति में इस तरह की नीचता और अभद्रता के लिए कोई जगह नहीं है। उनकी हताशा की कोई सीमा नहीं है, लेकिन बिहार की जनता इस शर्मनाक कृत्य को कभी माफ़ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संवाद में इस स्तर का अनादर और नफ़रत अस्वीकार्य है। (इनपुट एजेंसियां)
Edited By : Chetan Gour

Loving Newspoint? Download the app now